फतेहपुर। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) फतेहपुर में चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मास्टर ट्रेनरों द्वारा दी जा रही ट्रेनिंग को बैठकर देखा और उसकी गुणवत्ता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मास्टर ट्रेनरों को निर्देश दिए कि वे जनगणना से जुड़ी सभी बारीकियों को फील्ड ट्रेनरों तक स्पष्ट और विस्तार से पहुंचाएं, ताकि प्रगणक फील्ड में घर-घर जाकर कार्य को सही तरीके से कर सकें। उन्होंने विशेष रूप से प्रशिक्षण की व्यावहारिकता पर जोर दिया।
बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गजट जारी कर 22 मई से 20 जून 2026 तक की तिथि निर्धारित की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकान गणना से संबंधित कुल 34 प्रश्नों की जानकारी दी जा रही है, जिन्हें प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर पूछा जाएगा। लखनऊ स्थित जनगणना निदेशालय से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर इस कार्यक्रम का संचालन कर रहे हैं।
गौरतलब है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में कार्य करने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को फील्ड ट्रेनरों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 मार्च से 25 मार्च तक डायट फतेहपुर में आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
0 Comments