दरोगा ने तीन अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्टलोधा अलीगढ़:थाना रोरावर क्षेत्र के ज्वालाजीपुरम में शनिवार रात को हुई फायरिंग की घटना में पीड़ित के तहरीर देने से इंकार करने पर पुलिस ने सोमवार को स्वयं संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।रोरावर पुलिस के उपनिरीक्षक शुभम कुमार ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि शनिवार को थाने की पीआरवी 4052 पर प्राप्त सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच में सामने आया कि 11 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे बुलेट मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवक कॉलोनी में आए और प्रवीन कुमार को जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। हालांकि वह बाल-बाल बच गए। फायरिंग के दौरान एक गोली उनके मकान की बालकनी की दीवार में जा लगी थी। मौके से पुलिस ने चले हुए कारतूस का हिस्सा बरामद कर सील किया और घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर फर्द बरामदगी तैयार की। आसपास के लोगों ने भी दबी जुबान में घटना की पुष्टि की, लेकिन खुलकर सामने आने से परहेज किया। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में प्रवीन कुमार से तहरीर देने को कहा गया, लेकिन उन्होंने भय और कोर्ट-कचहरी के झंझट के चलते इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने स्वयं पहल करते हुए तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। रोरावर इंस्पेक्टर सुबोध पंवार ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments