सब कुछ घर बैठे न्यूज़ | गभाना/अलीगढ़: जनपद के गभाना क्षेत्र स्थित हसनपुर गांव में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। अवसर था 37वें वार्षिक जवाबी कीर्तन कार्यक्रम का, जो पूरे विधि-विधान और श्रद्धा भाव के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विशेष रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर अभिमन्यु राज सिंह, अंकित ठाकुर (प्रधान प्रत्याशी, हसनपुर), कुक्कू भाई, रहीसपाल सिंह और गौरव ठाकुर मौजूद रहे। अतिथियों ने कीर्तन का आनंद लिया और क्षेत्र में ऐसे धार्मिक आयोजनों की निरंतरता की सराहना की।
भजन गायकों ने बांधा समां
इस भव्य आयोजन के संस्थापक महेश चंद्र पराशर के कुशल निर्देशन में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। जवाबी कीर्तन के दौरान नामचीन भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिससे पंडाल में मौजूद श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूमने पर मजबूर हो गए।
धार्मिक एकता और सौहार्द का प्रतीक
पूरा कार्यक्रम बेहद शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र रहा, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और सौहार्द की मिसाल बनकर उभरा।
0 Comments