उमरिया/मानपुर (30 मार्च 2026): बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मगधी गेट के पास शनिवार सुबह जो नजारा दिखा, वह वन्यजीव प्रबंधन की घोर लापरवाही और राहगीरों की जानलेवा नासमझी की जीती-जागती तस्वीर है। मानपुर रोड पर एक बाघ को सड़क पार करते देख लोग अपनी जान जोखिम में डालकर वीडियो बनाने में मशगूल दिखे, जबकि प्रबंधन कहीं नज़र नहीं आया।
बाघ के बेहद करीब पहुंचे राहगीर, थम गई सांसें
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाघ सड़क पार कर जंगल की ओर जा रहा है, लेकिन रोमांच के चक्कर में लोग अपने वाहनों से उतरकर उसके बिल्कुल करीब पहुँचने की कोशिश कर रहे हैं। यह स्थिति किसी भी पल एक खूनी संघर्ष या बड़े हादसे में बदल सकती थी। गनीमत रही कि बाघ बिना किसी हिंसक प्रतिक्रिया के जंगल में चला गया।
मैदानी अमला नदारद, सुरक्षा के इंतजाम शून्य
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर बाघों की आवाजाही आम बात है, इसके बावजूद टाइगर रिजर्व प्रबंधन पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
न चेतावनी बोर्ड: संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संकेत नहीं हैं।
न ट्रैफिक कंट्रोल: वन्यजीवों के मूवमेंट के समय वाहनों को रोकने या गति सीमित करने की कोई व्यवस्था नहीं है।
बड़ा सवाल: अनहोनी हुई तो जिम्मेदार कौन?
यह घटना सीधे तौर पर पार्क प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाती है। क्या अधिकारी किसी इंसानी जान जाने या वन्यजीव को नुकसान पहुँचने के बाद ही जागेंगे? संवेदनशील क्षेत्रों में बिना रोक-टोक भीड़ का पहुँचना किसी बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहा है।
⚠️ सब कुछ घर बैठे न्यूज़ की विशेष चेतावनी:
"सब कुछ घर बैठे न्यूज़" अपने सभी दर्शकों और राहगीरों से हाथ जोड़कर अपील करता है कि वन्यजीवों के करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाने की गलती कतई न करें। बाघ जैसे हिंसक वन्यजीव पलक झपकते ही हमला कर सकते हैं। अपनी और अपनों की जान को जोखिम में डालकर बनाया गया वीडियो आपकी ज़िंदगी का आखिरी वीडियो साबित हो सकता है। सुरक्षित रहें और वन्यजीवों से उचित दूरी बनाए रखें।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
1 Comments
https://wa.me/917049399131
ReplyDelete