अलीगढ़ (03/04/2026): अलीगढ़ में प्रशासन द्वारा सूतमील से बौनेर तिराहे तक ई-बसें चलाने और इस मार्ग पर ई-रिक्शा व टेंपो के प्रवेश को वर्जित (बैन) करने के फैसले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में ई-रिक्शा और टेंपो चालकों ने नुमाइश ग्राउंड के गेट पर अपने वाहन खड़े कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और नगर निगम व नगर आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मजदूरों के पेट पर लात मार रहा प्रशासन
प्रदर्शनकारी चालकों का कहना है कि वे बेहद गरीब परिवार से आते हैं और ई-रिक्शा या टेंपो चलाकर ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। यदि मुख्य मार्गों पर उनके वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया, तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। चालकों ने आरोप लगाया कि प्रशासन का यह फैसला तानाशाही पूर्ण है और सीधे तौर पर मजदूरों के हक पर डाका है।
नगर आयुक्त पर अभद्रता का आरोप
प्रदर्शन के दौरान ठेकेदार शिवा ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे इस समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त से मिलने गए थे, लेकिन वहां गरीबों की पीड़ा सुनने के बजाय उनके साथ अभद्रता की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का रवैया पूरी तरह से संवेदनहीन बना हुआ है।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
धरना प्रदर्शन और भारी नारेबाजी की सूचना मिलते ही मौके पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स पहुंच गया। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे और चीख-चीखकर अपनी व्यथा सुनाते नजर आए। चालकों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता और उन्हें मुख्य मार्गों पर चलने की अनुमति नहीं मिलती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments