बिरनो (गाजीपुर): मरदह थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरही बहूपुर नहर के पास गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में फुल्की विक्रेता की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, गजपतपुर निवासी हरिकेश राम रोज की तरह अपने ठेले पर फुल्की बेचकर चक कपिल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे दुल्लहपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनके ठेले में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में हरिकेश राम और बाइक सवार दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिरनो में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हरिकेश राम की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति में सुधार न होने पर परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में नंदगंज के पास ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हरिकेश राम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक हरिकेश राम अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मौत से उनकी पत्नी राजकुमारी और चार छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। उनके बच्चों में 7 साल की काजल, 4 साल का रोहन, 3 साल की राजनंदिनी और महज 5 महीने की एक मासूम बच्ची शामिल है। इस हादसे ने पूरे परिवार को बेसहारा कर दिया है। इधर, मरदह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
0 Comments