Ticker

8/recent/ticker-posts

गाजीपुर: 'सिस्टम' फेल, तो ग्रामीणों ने खुद उठाई फावड़ी; सआदतपुर में श्रमदान से साफ की वर्षों से जाम नाली

पंचायत भवन के सामने 100 मीटर तक जमा था गंदगी का अंबार; ग्राम प्रधान और सचिव पर लापरवाही का आरोप

बिरनो/गाजीपुर (संवाददाता: मुकेश राजभर): उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के बिरनो ब्लॉक से प्रशासन को आईना दिखाने वाली एक तस्वीर सामने आई है। सआदतपुर ग्राम सभा में जब अधिकारियों और सफाई कर्मियों ने ग्रामीणों की गुहार नहीं सुनी, तो लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया और वर्षों से जाम पड़ी नाली को श्रमदान कर साफ किया।

शिकायतों पर नहीं हुआ कोई असर

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन के सामने की यह मुख्य नाली पिछले कई वर्षों से चोक पड़ी थी। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम सचिव निशा यादव, सफाई कर्मी मदन राम व शंभू राम, और ग्राम प्रधान सुधा देवी से कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की, लेकिन नतीजा सिफर रहा।

मजबूरी में किया श्रमदान

गंदगी और बदबू से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन की राह ताकना छोड़ खुद ही नाली साफ करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने मिलकर लगभग 100 मीटर लंबी नाली की सफाई की। इस अभियान में नंदू कुशवाहा, धर्मेंद्र कुशवाहा, टीपू खान, मुज खान, पुनवासी पाल, सत्येंद्र पाल, गोलू कुशवाहा, नागेंद्र यादव और लाला भाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गाँव में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।

Post a Comment

0 Comments