Ticker

8/recent/ticker-posts

राशन कार्ड और जाति प्रमाणपत्र के लिए 6 अप्रैल से तहसील कार्यालय पर आमरण अनशन का बिगुल

मालेगांव: तहसील के देवघट और खलाणे गांव के ग्रामीणों ने राशन कार्ड और जाति प्रमाणपत्र की समस्याओं को लेकर अब आर-पार की लड़ाई का निर्णय लिया है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी प्रशासन द्वारा ध्यान न दिए जाने के विरोध में आगामी 6 अप्रैल 2026 से मालेगांव तहसील कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में आज तहसीलदार को लिखित निवेदन सौंपा गया।

देवघट और खलाणे गांव के निवासियों का कहना है कि गांव के अनेक नागरिकों के पास राशन कार्ड और जाति प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण वे सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या 'संयुक्त राशन कार्ड' (Joint Ration Card) को लेकर आ रही है। संयुक्त कार्ड होने की वजह से कई परिवारों को 'घरकुल योजना' का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विभक्त (Separate) राशन कार्ड के लिए कई बार आवेदन किए गए और फॉर्म भी भरे गए, लेकिन तकनीकी कारणों से पुराने कार्ड से नाम कम नहीं हो पा रहे हैं।

प्रशासन की इस उदासीनता के खिलाफ ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। निवेदन में स्पष्ट किया गया है कि यदि प्रशासन समय रहते इन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेता है, तो लोकशाही धड़क मोर्चा के अध्यक्ष श्री शेखर दादा पगार के नेतृत्व में ६ अप्रैल से तहसील कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा। इस अवसर पर वंचित बहुजन आघाडी के तालुका अध्यक्ष शशिकांत पवार सहित दोनों गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments