ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा; बाइक सवार की हालत नाजुक, मऊ रेफर। कार सवार सुरक्षित।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ | बिरनो (गाजीपुर) | गाजीपुर-आजमगढ़ हाईवे पर गुरुवार को बहूपुर नहर के पास एक तेज रफ्तार बाइक और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क से करीब 20 फीट दूर खाई के पास जा गिरी। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए मऊ ले जाया गया है।
ओवरटेक बना हादसे का कारण जानकारी के मुताबिक, फैजाबाद के महात्मा गांधी सतीश स्मारक महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राजीव कुमार अपने परिवार के साथ कार से गाजीपुर आ रहे थे। तभी बहूपुर नहर के पास गाजीपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पैशन प्रो बाइक ने सामने चल रहे पिकअप वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की और सीधे कार से जा टकराई।
बाल-बाल बचा प्राध्यापक का परिवार हादसे के वक्त कार में डॉ. राजीव कुमार के साथ उनकी पत्नी प्रतिभा, दो छोटी बेटियां और माता सुनारी देवी मौजूद थीं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। डॉ. राजीव और उनकी माता को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सभी की हालत खतरे से बाहर है।
घायल की पहचान और पुलिस कार्रवाई गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की पहचान दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के ओडराई निवासी अजीत शर्मा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बिरनो पुलिस मौके पर पहुँची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
0 Comments