सब कुछ घर बैठे न्यूज़ | मालेगांव मालेगांव शहर की बदहाल सड़कों और जानलेवा गड्ढों से तंग आकर नागरिकों ने आज मराठी नववर्ष यानी गुढ़ी पाड़वा के दिन एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सटाणा रोड स्थित सटाणा नाका पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों के बीच ही 'गुढ़ी' खड़ी कर दी और महानगरपालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सटाणा नाका पर रास्ता रोको आंदोलन; भ्रष्टाचार के खिलाफ फूटा नागरिकों का गुस्सा, 3 दिन का अल्टीमेटम
सड़कों की दयनीय स्थिति और भ्रष्टाचार के आरोप आंदोलनकारियों का आरोप है कि शहर के शिवतीर्थ, मोसम पुल, पुराना आगरा रोड और कैंप रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद सड़कें चलने लायक नहीं बची हैं। भूमिगत नाली योजना के नाम पर खोदे गए रास्ते महीनों से जस के तस पड़े हैं। पूर्व नगराध्यक्ष दीपक भोसले और संघर्ष समिति के निखिल पवार ने मनपा आयुक्त की कड़ी आलोचना करते हुए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रशासन को दी कड़ी चेतावनी आंदोलन के दौरान 'हम मालेगांवकर विधायक संघर्ष समिति' ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अगले 3-4 दिनों में सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, तो आयुक्त का घेराव किया जाएगा। वहीं, मनपा के प्रभाग अभियंता महेश गांगुर्डे ने मौके पर पहुंचकर तीन दिनों के भीतर काम शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया है।
पुलिस का रहा कड़ा पहरा आंदोलन के दौरान सटाणा नाका पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे देखते हुए छावनी पुलिस स्टेशन के निरीक्षक दीपक जाधव के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन में अखिल भारतीय मराठा महासंघ और कई स्थानीय संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
0 Comments