बिरनो/गाजीपुर (30 मार्च 2026): जनपद के बिरनो, मरदह और जंगीपुर थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही भीषण चोरियों की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़ते अपराध के खिलाफ भारी आक्रोश व्यक्त किया। सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अगुआई में एक प्रतिनिधिमंडल ने जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव के साथ पुलिस कप्तान डॉ. ईराज राजा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बीते एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में चोरी की कई बड़ी वारदातें हुई हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। इससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। घटनाओं का विवरण देते हुए बताया गया कि: बिरनो और मरदह: रामदोपुर और पलिया मठिया गांव में 6 घरों में चोरी हुई। टिशोरी गांव: यहां एक साथ 5 घरों को चोरों ने निशाना बनाया।जंगीपुर: त्रिलोकपुर गांव में भी लाखों रुपये की चोरी की घटना सामने आई है।
लगातार हो रही वारदातों के बावजूद चोरों का सुराग न मिलने पर सपा नेताओं ने संबंधित थानाध्यक्षों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस कप्तान डॉ. ईराज राजा ने आश्वस्त किया कि सभी मामलों की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी और घटनाओं के खुलासे का भरोसा दिलाया।
उपस्थित गणमान्य: इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य पारस सिंह यादव, हरेंद्र यादव, लालू, अवधेश कुमार, पंकज प्रधान (पकड़ी), रामब्रत यादव, मनोज यादव, रामधीरज यादव, रविन्द्र यादव, मूरत प्रजापति सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments