बिरनो/गाजीपुर (30 मार्च 2026): स्थानीय थाना क्षेत्र के आगापुर पारा गांव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक अचानक सड़क से भटककर सीधे एक रिहायशी मकान में जा घुसा। इस जोरदार टक्कर में ट्रक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मकान की दीवार तोड़कर अंदर समाया ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष पाठक (45 वर्ष, निवासी मनाजीत, मऊ) अपने साथी रंजीत यादव (35 वर्ष) और संजू यादव (35 वर्ष) के साथ ट्रक लेकर सामान लादने जा रहे थे। इसी दौरान आगापुर पारा गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर कन्हैया विश्वकर्मा के घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त घर के उस हिस्से में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।
घायलों की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर
हादसे में ट्रक सवार तीनों लोग घायल हुए हैं, जिनमें चालक संतोष पाठक की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बिरनो पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों में रोष
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गांव के बीच से गुजरने वाले तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की पुरजोर मांग की है।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments