बन्नादेवी, अलीगढ़ (30 मार्च 2026): थाना बन्नादेवी क्षेत्र के व्यस्त सूतमील चौराहा पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सरकारी वाहन की टक्कर से दो अन्य कारें क्षतिग्रस्त हो गईँ। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे नीम करोलीधाम निवासी राजकुमार पुंढीर अपने परिवार के साथ कार से अलीगढ़ आ रहे थे। सूतमील चौराहा पर जाम लगा होने के कारण उनकी कार खड़ी थी, तभी पीछे से आई 'उत्तर प्रदेश सरकार' और 'असिस्टेंट डायरेक्टर' लिखी एक कार ने उन्हें ज़ोरदार टक्कर मार दी।
पीछे से हुई इस टक्कर के कारण राजकुमार की कार अनियंत्रित होकर आगे खड़ी एक ईको कार से जा टकराई। इस हादसे में राजकुमार की कार का पिछला हिस्सा और ईको कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया, जिससे माहौल गरमा गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही बन्नादेवी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया और यातायात सुचारू कराया। पुलिस दोनों पक्षों और वाहनों को थाने ले गई है, जहाँ मामले की जाँच और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
धनेश रावत | संवाददाता | सब कुछ घर बैठे न्यूज़ |
0 Comments