गाजीपुर: जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालाबाद स्थित एक गैस एजेंसी पर सरेआम गुंडागर्दी का मामला प्रकाश में आया है। गैस सिलेंडर लेने आए एक युवक को चप्पलों और जूतों से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे समूचे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
कहासुनी के बाद भड़की हिंसा: प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान एजेंसी कर्मचारियों से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एजेंसी से जुड़े मनीष साहू ने आव देखा न ताव और युवक पर चप्पलों व जूतों की बरसात कर दी।
सियासी गलियारों में हड़कंप: आरोपी मनीष साहू की पहचान सपा विधायक जय किशुन साहू के भतीजे के रूप में हुई है, जो जखनिया क्षेत्र से भावी ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी भी बताए जा रहे हैं। रसूखदार परिवार से जुड़े होने के कारण मामले ने तुरंत राजनीतिक तूल पकड़ लिया। सैदपुर विधायक अंकित भारती ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) को पत्र लिखकर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जातिगत एंगल पर पुलिस का स्पष्टीकरण: सोशल मीडिया पर अफवाहों के बीच पुलिस जांच में यह साफ हुआ है कि पीड़ित युवक दलित वर्ग से नहीं बल्कि अन्य वर्ग से संबंधित है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष का बयान: दुल्लहपुर पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।
0 Comments