Ticker

8/recent/ticker-posts

गाजीपुर: मरदह-मऊ फोरलेन पर भीषण भिड़ंत; खड़ी ट्रेलर में घुसी डीसीएम, बाल-बाल बची चालक-खलासी की जान

मरदह/गाजीपुर (31 मार्च 2026): जनपद के मरदह-मऊ फोरलेन मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। केठवली चट्टी के पास सड़क किनारे खड़ी एक ट्रेलर में पीछे से आ रही अनियंत्रित डीसीएम जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन सौभाग्य से चालक और खलासी सुरक्षित बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक खाली डीसीएम बिरनो से मऊ की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन केठवली चट्टी के पास पहुँचा, वह सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से टकरा गया। हादसे के बाद डीसीएम चालक संजय (निवासी फतेहगंज, बरेली) और खलासी गुड्डू को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

इस घटना ने एक बार फिर फोरलेन पर होने वाली अवैध पार्किंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन पर अक्सर वाहन चालक लापरवाही से गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। रात और तड़के सुबह के समय ये खड़े वाहन पीछे से आने वाले चालकों को दिखाई नहीं देते, जो बड़े हादसों का कारण बनते हैं।

हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि फोरलेन पर अवैध रूप से खड़े होने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ी जनहानि हो सकती है।


सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...

Post a Comment

0 Comments