मुरादाबाद। जनपद में रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने पूरी तरह विराम लगा दिया है। अनुज सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम ने बताया कि हाल के दिनों में कुछ स्थानों पर गैस की कमी की अफवाहें फैल रही थीं, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। लेकिन जिला प्रशासन ने इसकी पूरी तरह जांच कर ली है और पाया है कि सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
मुरादाबाद में कालाबाजारी और अनियमितताओं को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें लगातार गैस एजेंसियों और वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। यदि कहीं भी कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने यह भी कहा कि गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक उपभोक्ता तक गैस की आपूर्ति व्यवस्थित तरीके से पहुंचती रहे।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का स्टॉक न करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आपूर्ति व्यवस्था सुरक्षित है। यदि किसी को किसी प्रकार की शिकायत हो तो वह तुरंत प्रशासन को सूचित कर सकता है, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
गुलशन गुप्ता | संवाददाता | सब कुछ घर बैठे न्यूज़ |
मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)
0 Comments