आगरा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में ईंधन और रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए आम जनता को बड़ी राहत दी है। सरकार की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर कहा गया है कि प्रदेश में डीजल और पेट्रोल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और इनकी कोई कमी नहीं है।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
पिछले कुछ समय से रसोई गैस (LPG) की कमी को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर चल रही खबरों को सरकार ने पूरी तरह निराधार और अफवाह बताया है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे ऐसी किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और घबराहट में खरीदारी (Panic Buying) न करें।
कालाबाजारी पर होगी 'कठोरतम' कार्रवाई
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि यदि कोई भी गैस वितरक एजेंसी या निजी व्यक्ति इस स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी (Black Marketing) या जमाखोरी करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नरमी नहीं बरती जाएगी। दोषियों के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज की जाएगी। प्रशासन को सख्त और कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
"आपकी सरकार हर परिस्थिति में आमजन की सुविधा और आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।" —उत्तर प्रदेश सरकार
0 Comments