Ticker

8/recent/ticker-posts

गाजीपुर: व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल को सौंपा ज्ञापन, एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने-उतरने की सुविधा देने की मांग

गाजीपुर (दिनांक 12 अप्रैल 2026, रविवार): जनपद के मौजा मानपुर और बाबुरायपुर टिकरी क्षेत्र के व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों ने आज विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल से मुलाकात कर उन्हें एक महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपा। यह ज्ञापन एनएच-31 से बलिया की ओर बन रहे 'ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे' पर पीलर संख्या 3+700 के समीप वाहनों के चढ़ने और उतरने (रैंप) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में दिया गया है।

ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि मानपुर और टिकरी क्षेत्र के आसपास दर्जनों राइस मिल, ईंट भट्ठे और कई अन्य बड़े औद्योगिक संस्थान संचालित हैं। इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कारण यहाँ प्रतिदिन सैकड़ों भारी वाहनों का आवागमन होता है। एक्सप्रेस-वे पर पास में कोई उतार-चढ़ाव की सुविधा न होने और टिकरी टोल प्लाजा के पास सर्विस रोड के अभाव के कारण व्यापारियों और स्थानीय लोगों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन की भारी बर्बादी होती है।

क्षेत्रीय प्रतिनिधियों ने एमएलसी को बताया कि पीलर संख्या 3+700 के पास आवाजाही की व्यवस्था होने से न केवल क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी, बल्कि औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आने से सरकार के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने यह भी साझा किया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में जिलाधिकारी गाजीपुर को भी अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने ज्ञापन संज्ञान में लेते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

इस अवसर पर विवेकानंद पांडेय, मारकंडेय प्रसाद गुप्ता, जयप्रकाश यादव, अजीत पांडेय, शारदा देवी, जीउत राम, अमित श्रीवास्तव, नर्वदेश्वर मिश्रा एवं सुनील मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments