अमरोहा जनपद के थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोड़ी में दिनांक 12 अप्रैल 2026, रविवार को खनन के चलते ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर खनन कार्य का विरोध किया और डंपरों को बीच रास्ते में रोककर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें खनन कार्य से कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं है, लेकिन दिन के समय मिट्टी से भरे डंपरों की लगातार आवाजाही से गांव का मुख्य रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, एक-एक गाड़ी दिन में 20-20 बार गांव के बीच से गुजरती है, जिससे धूल और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन इस समस्या का संज्ञान ले और डंपरों का संचालन दिन के बजाय रात के समय सुनिश्चित कराए ताकि क्षेत्रवासियों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निर्धारित अनुमति से अधिक खनन होने के कारण गांव की सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि डंपरों के समय में बदलाव और सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। मौके पर पहुँचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की बात सुनी और जांच के बाद उचित समाधान निकालने का ठोस आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
0 Comments