गाजीपुर (दुल्लहपुर): जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालाबाद मोड़ पर आज एक हृदय विदारक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ नवनिर्मित ओवरब्रिज पर फैली बालू ने एक 30 वर्षीय युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान प्रकाश राजभर (30 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय जोगिंदर राजभर, निवासी मटुकपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रकाश अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी पुलिया के पास सड़क पर बिखरी पड़ी बालू के कारण उनकी बाइक अचानक फिसल गई और संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आने से प्रकाश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने निर्माण कार्य में लगी लापरवाही को इस घटना का मुख्य जिम्मेदार ठहराया है। स्थानीय लोगों का आक्रोश है कि नवनिर्मित ओवरब्रिज पर काम पूरा होने के बाद सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई और सड़क पर छोड़ी गई बालू को साफ नहीं कराया गया, जो अब जानलेवा साबित हो रही है। घटना की सूचना मिलते ही दुल्लहपुर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक हँसते-खेलते परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दिया है। मृतक प्रकाश अपने परिवार का एकमात्र आर्थिक सहारा थे। उनकी शादी लगभग 6 साल पहले शोभा से हुई थी और उनकी एक तीन वर्षीय मासूम बेटी भी है। घर में बुजुर्ग माँ, पत्नी और 12 वर्षीय छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और सड़कों पर बिखरी निर्माण सामग्री को तत्काल हटाया जाए ताकि किसी और परिवार का चिराग न बुझे।


0 Comments