रघुवंशपुरम स्थित सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में 11 अप्रैल, 2026, शनिवार को मेधा अलंकरण एवं अभिभावक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में जहाँ विद्यालय के होनहार छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा गया, वहीं बच्चों की शिक्षा के प्रति समर्पित अभिभावकों को भी मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिद्धेश्वर धाम लालपुर के महंत बाल चैतन्य ब्रह्मचारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव और आरएसएस के विभाग प्रचारक शिव शंकर उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान घोषित किए गए परीक्षा परिणामों में कक्षा 7-ए के छात्र विजेंद्र प्रताप सिंह ने 99.56 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसी कड़ी में कक्षा 9-बी3 की छात्रा प्रतिभा सिंह 99.08 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और आयुषी वर्मा 99 प्रतिशत अंक पाकर तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा कुल 105 मेधावी छात्र-छात्राओं और 215 जागरूक अभिभावकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण कुमार मिश्रा, आशीष मिश्रा और पुष्पराज पटेल समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विद्यालय के प्रबंधक राकेश कुमार त्रिवेदी ने अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि सरस्वती बाल मंदिर संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ-साथ अब आधुनिकता की ओर भी कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए बताया कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के लिए जल्द ही प्रत्येक कक्षा में स्मार्ट बोर्ड और कंप्यूटर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य शिवबाबू, राज कपूर सिंह और मोहित सहित समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
0 Comments