| आगरा में होली के लिए सजी दुकानों पर हर ब्रांड और बजट के रंगों की भरमार। |
आगरा। ताजनगरी आगरा में होली की खुमारी अब अपने शबाब पर है। शहर के प्रमुख बाजार—किनारी बाजार, सदर, शाहगंज और राजा की मंडी—पूरी तरह से रंगों और पिचकारियों से पट गए हैं। दुकानों पर सजी रंग-बिरंगी पिचकारियां और हवा में उड़ता गुलाल बता रहा है कि ब्रज की होली का उत्साह किस कदर छाया हुआ है।
बाजार में क्या है खास?
इस बार आगरा के बाजारों में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए खास इंतजाम हैं। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को किसी 'रंगों के महल' की तरह सजाया है। बच्चों के लिए इस बार 'टैंक वाली पिचकारी', 'प्रेशर गन' और कार्टून कैरेक्टर (डोरेमोन, छोटा भीम) वाली पिचकारियों की भारी डिमांड है। त्वचा की सुरक्षा को देखते हुए लोग केमिकल वाले रंगों की जगह हर्बल गुलाल और प्राकृतिक फूलों से बने रंगों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। सोने-चांदी के वर्क वाले गुलाल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
| बच्चों के लिए 'गन' और 'टैंक' वाली पिचकारियों से पटी दुकानें |
ग्रहण का असर: 4 मार्च की तैयारी जोरों पर
चूंकि इस बार ग्रहण के चलते धुलेंडी (रंगों का पर्व) 4 मार्च (बुधवार) को मनाई जाएगी, इसलिए बाजारों में खरीददारों के पास एक दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है। ग्रहण के बावजूद ग्राहकी में कोई कमी नहीं है। लोग बुधवार को जमकर होली खेलने के लिए आज से ही स्टॉक जमा कर रहे हैं। रंगों के साथ-साथ गुजिया और गिफ्ट्स की दुकानों पर भी पैर रखने की जगह नहीं है। इसके अलावा मुखौटे और फनी कोट्स लिखी टी-शर्ट्स भी खूब बिक रही हैं।
तरुन गिरि | संवाददाता | सब कुछ घर बैठे न्यूज़ |
आगरा (उत्तर प्रदेश)
0 Comments