मनमाड–धुलिया–इंदौर रेल लाइन उत्तर महाराष्ट्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, लेकिन भूसंपादन प्रक्रिया में आई अड़चनों के कारण फिलहाल परियोजना का काम रुका हुआ है। इसलिए कांग्रेस नेता शोभाताई बच्छाव ने इसे फिर से गति देने की मांग की है।
शोभाताई बच्छाव ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री मा. श्री. देवेंद्र फडणवीस और महसूल मंत्री मा. श्री. चंद्रशेखर बावनकुळे को ज्ञापन देकर इस परियोजना से जुड़ी समस्याओं को जल्द सुलझाने की मांग की है। साथ ही रेलवे और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने का भी अनुरोध किया गया है। धुलिया लोकसभा क्षेत्र के कई गांवों के किसानों ने जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जताई है। किसानों का कहना है कि मुआवजा तय करते समय वर्तमान बाजार दरों के बजाय पुराने दरों को आधार बनाया जा रहा है, जिससे किसानों में असंतोष बढ़ रहा है। भूसंपादन प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट जानकारी न होने से किसानों और नागरिकों में भ्रम की स्थिति है। इसलिए किसानों को उचित मुआवजा और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है। यह रेल मार्ग बनने से धुलिया, नंदुरबार, सटाणा और मालेगांव सहित उत्तर महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों को सीधी रेलवे सुविधा मिलेगी, जिससे औद्योगिक, व्यापारिक और यात्री परिवहन को भी बड़ी गति मिलने की उम्मीद है।
संवाददाता : अनिकेत मशिदकर
0 Comments