Ticker

8/recent/ticker-posts

फतेहपुर: मदरियापुर में सरकारी हैंडपंप पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

फतेहपुर (29 मार्च 2026): जनपद के भिटौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मदरियापुर (मजरे कवई) में सरकारी हैंडपंप को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव के निवासी रामभूषण पुत्र स्व. जगन्नाथ ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि सरकारी हैंडपंप पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से मोटर लगाकर कब्जा कर लिया गया है, जिससे आम ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है।

महिलाओं से अभद्रता और दबंगई का दावा

पीड़ित रामभूषण के अनुसार, पूर्व में 13 दिसंबर 2025 को थाना राधानगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझौता कराया था। इसके बावजूद 15 मार्च 2026 को प्रीति सिंह, उनके पति वृजेश कुमार और अन्य लोगों द्वारा कथित रूप से दबंगई के बल पर हैंडपंप पर दोबारा मोटर लगाने का प्रयास किया गया। महिलाओं के विरोध और 112 नंबर पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कार्य रुका, लेकिन आरोप है कि 16 मार्च को पुनः जबरन मोटर लगवा दी गई। इस दौरान विरोध करने वाली महिलाओं के साथ गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया गया।

ग्राम प्रधान और सचिव की रिपोर्ट के बावजूद कब्जा

पीड़ित का कहना है कि संबंधित हैंडपंप सरकारी है, जिसकी पुष्टि ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी द्वारा लिखित रूप में की गई है। इसके बावजूद इसे निजी बताकर ग्रामीणों को पानी से वंचित किया जा रहा है। ग्राम प्रधान द्वारा मौके पर पहुंचकर मोटर निकलवाने का प्रयास भी विफल रहा। साथ ही रामभूषण ने सूरजभान पाल के विरुद्ध थाना राधानगर में दर्ज फर्जी मुकदमे को वापस लेने की भी मांग की है।

डीएम से तत्काल कार्रवाई की मांग

पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सरकारी हैंडपंप से मोटर तत्काल हटवाई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि गांव के सभी लोगों को बराबरी से पानी मिल सके।

मौके पर मौजूद ग्रामीण: इस दौरान सुशीला, उर्मिला, सुनीता, रन्नो देवी, गुड़िया, इंद्रा रानी, रविशंकर कोरी, ब्राम्हदीन पाल, मनोज रैदास, श्यामबाबू पाल, चंद्रपाल, सूरजभान, शिवभवन कोरी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।


सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...

Post a Comment

0 Comments