गाजीपुर (05/04/2026): जमानियां क्षेत्र के वीर अब्दुल हमीद सेतु पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे के करीब 30 घंटे बाद सफलता हाथ लगी है। रविवार को गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवराजपुर गंगा घाट के पास से ट्रेलर चालक का शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि खलासी की तलाश अभी भी जारी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की पहचान 24 वर्षीय राजन यादव (निवासी: जगदीशपुर भलुआन, गोरखपुर) के रूप में हुई है। राजन अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। जैसे ही शव मिलने की खबर गांव पहुँची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। माता मंजू देवी और पिता श्यामू यादव का रो-रोकर बुरा हाल है।
खलासी की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे में लापता 20 वर्षीय खलासी बिट्ठल गुप्ता का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार गंगा की लहरों में उसे खोजने का प्रयास कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर अभी भी नदी की गहराई में डूबा हुआ है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार तड़के हुआ था भीषण हादसा
विदित हो कि शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर और सब्जी लदी पिकअप के बीच जोरदार भिड़ंत हुई थी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रेलर पुल की मजबूत रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा था।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि चालक का शव मिल गया है और दूसरे युवक (खलासी) को जल्द खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments