लोधा, अलीगढ़ (06/04/2026): थाना लोधा क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पड़ोसी युवक द्वारा 4 साल की मासूम बच्ची के साथ गलत काम करने के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। परिजनों की तत्परता और साहस के चलते आरोपी युवक को मौके पर ही दबोच लिया गया।
खिलाने के बहाने ले गया था आरोपी
पीड़िता की माँ द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शनिवार को पड़ोसी युवक छोटा उर्फ जय प्रकाश (पुत्र राजू) उनकी 4 वर्षीय बेटी को खिलाने के बहाने अपने घर ले गया था। काफी देर तक जब बच्ची वापस नहीं लौटी, तो माँ उसे तलाशते हुए पड़ोसी के घर पहुँची। आरोप है कि वहाँ युवक मासूम के साथ आपत्तिजनक अवस्था में था और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था।
परिजनों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंपा
माँ के शोर मचाने पर बच्ची के पिता और जेठानी सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुँच गए। परिजनों ने बिना देरी किए आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और सीधे थाने ले आए। घटना के बाद से गांव में काफी आक्रोश का माहौल है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई: आरोपी गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी हेमन्त मावी ने जानकारी दी कि वादिया की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी करते हुए आरोपी जय प्रकाश को जेल भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments