छुट्टी पर घर आया था वायुसेना का 'मैकेनिक'
मृतक की पहचान खैर के मोहल्ला ब्लॉक कॉलोनी निवासी विशाल चौधरी (23 वर्ष) पुत्र कोमल सिंह के रूप में हुई है। विशाल भारतीय वायुसेना (Air Force) में अग्निवीर के तहत मैकेनिक ट्रेड पर तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला हैदराबाद से चेन्नई हुआ था और मात्र 4 दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर घर आए थे। पिता कोमल सिंह खैर में आढ़त की दुकान चलाते हैं। विशाल अपने परिवार के इकलौते बेटे थे।
पीछे से अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, विशाल मंगलवार दोपहर अपनी बुलेट बाइक से खेरेश्वर होते हुए गभाना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह लेखराज पुल के पास पहुँचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विशाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।
पुलिस की लापरवाही और स्थानीय लोगों का प्रयास
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घटना के आधा घंटे बाद तक लोधा पुलिस मौके पर नहीं पहुँची। स्थानीय लोग अपनी निजी मैक्स गाड़ी से घायल विशाल को अस्पताल ले गए, जहाँ से उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल पहुँचते ही विशाल ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलने के बाद पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुँची, जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
हेलमेट होता तो शायद बच जाती जान
स्थानीय लोगों ने बताया कि विशाल ने सोने की चेन, अंगूठियां और ब्रेसलेट पहन रखा था, लेकिन सिर पर हेलमेट नहीं था। जानकारों का कहना है कि अगर विशाल ने हेलमेट पहना होता, तो शायद उनके सिर में आई गंभीर चोट से उनकी जान बच सकती थी।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments