बिरनो, गाजीपुर (07/04/2026): थाना बिरनो क्षेत्र के अंतर्गत भड़सर स्थित शिव मंदिर के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाजीपुर कोतवाली में तैनात तीन सिपाही जब सरकारी कार्य से मऊ की ओर जा रहे थे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
नींद की झपकी बनी हादसे का कारण
भड़सर चौकी प्रभारी सुनील शुक्ला और एसआई अवधेश राय के अनुसार, हादसा सोमवार रात करीब 12 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी चलाते समय चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
एयरबैग न खुलने से बढ़ी चोट
हादसे में घायल सिपाहियों की पहचान रमन, पवन गुप्ता और मृदुल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त कार के एयरबैग नहीं खुले, जिसके कारण अगली सीट पर बैठे सिपाही रमन को सिर में गंभीर चोटें आईं। रमन की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। अन्य दो सिपाहियों का उपचार जारी है।
पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुँची। पुलिस टीम ने घायलों को तुरंत मलबे से निकालकर अस्पताल पहुँचाया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments