अलीगढ़ जनपद के गभाना स्थित लाखा बाजार में व्याप्त अतिक्रमण और बाजार की पूर्ण बंदी की समस्या को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। इसी क्रम में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पंचायत की अधिशाषी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि बाजार में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और कई दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अतिक्रमण को तुरंत हटवाया जाए और बाजार व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।
ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल गभाना के अध्यक्ष परवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मुकेश कुमार शिवम, हरीश माहेश्वरी, नरेन्द्र राठौर, राजकुमार, श्यामबाबू शर्मा, नरेश कुमार, तेजवीर सिंह, पूसी सैनी, सतपाल सुमन सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। नगर पंचायत प्रशासन ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
0 Comments