लोधा/अलीगढ़ (03/04/2026): थाना रोरावर क्षेत्र के अंतर्गत नादा पुल के पास शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आरोपी युवक को पकड़ने आई हरियाणा पुलिस की महिला दरोगा के साथ तीखी झड़प और हाथापाई हो गई। सड़क पर मचे इस हंगामे को देख स्थानीय लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
गुड़गांव से शुरू हुई प्रेम कहानी और फिर दुष्कर्म का मुकदमा
जानकारी के अनुसार, सासनीगेट निवासी युवक यतेंद्र मोहन शर्मा गुड़गांव में नौकरी करता था। वहीं अलीगढ़ की ही एक अन्य युवती का परिवार भी रहता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए, लेकिन बाद में युवती की शादी कहीं और हो गई। आरोप है कि शादी और बच्चा होने के बाद भी यतेंद्र ने युवती का पीछा नहीं छोड़ा। परेशान होकर युवती ने 1 अप्रैल को गुड़गांव के थाना राजेंद्र पार्क में आरोपी के खिलाफ धारा 376 (दुष्कर्म) के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया।
नादा पुल पर महिला दरोगा से भिड़ा आरोपी
मुकदमे के आधार पर हरियाणा पुलिस की एएसआई मीना अपनी टीम और पीड़िता के साथ शुक्रवार को अलीगढ़ पहुँचीं। रोरावर क्षेत्र के नादा पुल के पास युवती ने आरोपी को पहचान लिया। जैसे ही एएसआई मीना ने उसे दबोचने की कोशिश की, आरोपी ने महिला दरोगा के साथ हाथापाई शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिस सहयोग से आरोपी काबू, हरियाणा रवाना
हाथापाई की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया और मौके पर पीआरवी व लोधा पुलिस पहुँच गई। स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी यतेंद्र को हिरासत में लेकर थाना रोरावर ले जाया गया। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद हरियाणा पुलिस आरोपी को अपने साथ गुड़गांव ले गई है।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments