पंड्रावल गाँव में रस्सी से गर्दन कटने के कारण तड़प रही थी गाय; इलाज के बाद सुरक्षित पहुँचाया गौशाला
गोधा/अलीगढ़: अलीगढ़ जिले के गोधा प्रखंड क्षेत्र के पंड्रावल गांव में सेवा और जीव दया की एक अद्भुत तस्वीर सामने आई है। यहाँ गर्दन में बंधी रस्सी के कारण गंभीर रूप से घायल एक गौ माता को हिंदू रक्षा दल की टीम ने न केवल नया जीवन दिया, बल्कि उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।
ग्रामीणों को पंड्रावल गांव में एक गौ माता अत्यंत दयनीय स्थिति में मिली थी। उनकी गर्दन में बंधी रस्सी मांस के अंदर धंस गई थी, जिससे गहरा घाव हो गया था और उसमें कीड़े पड़ गए थे। गौ माता की यह हालत देखकर ग्रामीणों ने तुरंत हिंदू रक्षा दल (जिला हरिगढ़) की गोधा प्रखंड टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही टीम के सदस्य बिना देर किए मौके पर पहुँचे। कार्यकर्ताओं ने लगभग चार घंटे तक कड़ी मशक्कत की। सबसे पहले गौ माता की गर्दन से उस जानलेवा रस्सी को काटकर हटाया गया, जिसके बाद घाव को साफ कर कीड़ों को निकाला गया और दवाइयां लगाकर उचित उपचार कराया गया।
उपचार के बाद जब गौ माता की स्थिति में सुधार दिखा, तो टीम ने उन्हें सुरक्षित रूप से गौशाला पहुँचा दिया, जहाँ अब उनकी नियमित देखभाल की जाएगी। इस नेक कार्य के लिए ग्रामीणों ने टीम की जमकर सराहना की। इस सेवा कार्य में मुख्य रूप से राहुल कुमार, विशेष राज सिंह, राहुल लोधी, निर्भय राजपूत, भारत कुमार, सचिन कुमार, प्रदीप कुमार, सचिन लोधी, सौरभ कुमार और विपिन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
0 Comments