ठंडे पकवानों का लगा भोग; नुक्कड़ नाटक के जरिए मोबाइल के दुष्परिणामों पर किया जागरूक
लक्ष्मणगढ़। कस्बे में शीतला अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। अल सुबह से ही श्रद्धालु शीतला माता के मंदिरों में सुख-समृद्धि की कामना लेकर उमड़ पड़े। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन माता को ठंडे पकवानों का भोग लगाया गया, जिसे ऋतु परिवर्तन और बीमारियों से रक्षा का प्रतीक माना जाता है।
भक्तिमय रहा माहौल, धमाल की गूंज
वार्ड नंबर 39 स्थित शीतला माता मंदिर में मुख्य मेले का आयोजन हुआ। शिव बालाजी ढप मंडली के कलाकारों ने लोक धमाल की प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया। मेले में बच्चों ने खिलौनों और चाट-पकौड़ी का आनंद लिया, वहीं ग्रामीण लोक परंपराओं की अनूठी झलक भी देखने को मिली।
नुक्कड़ नाटक से सामाजिक संदेश
मेले के दौरान बीपीएस कॉन्वेंट स्कूल के छात्र-छात्राओं ने 'मोबाइल के दुष्परिणाम' विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक पेश किया। बच्चों ने समाज को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए संयमित उपयोग का संदेश दिया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
भजन संध्या में उमड़े श्रद्धालु
सप्तमी की रात्रि को आयोजित भव्य भजन संध्या में चुवास पीठाधीश्वर निश्चलनाथ महाराज ने माता के भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर समिति के आत्माराम डूंडलोदिया, जयप्रकाश सोनी, वार्ड पार्षद मधु दायमा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने महाराज का सम्मान किया।
अनुराग काछवाल | संवाददाता | सब कुछ घर बैठे न्यूज़ |
लक्ष्मणगढ़, सीकर (राजस्थान)
0 Comments