सब कुछ घर बैठे न्यूज़ | बिरनो (गाजीपुर) गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात चोरों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। शातिर चोरों ने एक के बाद एक कुल 6 घरों में धावा बोला और स्प्रे छिड़ककर परिवारों को बेहोश कर दिया। इसके बाद चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी समेट ली और बड़े आराम से फरार हो गए।
कुत्ते से लेकर इंसान तक सबको किया बेहोश; गाजीपुर के मिर्जापुर और रामदोपुर में दहशत का माहौल
वारदात का तरीका: स्प्रे बना हथियार चोरों ने मिर्जापुर, रामदोपुर और जगत मठिया गांवों को अपना निशाना बनाया। पीड़ित अमित यादव और आशा देवी ने बताया कि रात करीब 2 बजे चोरों ने उन पर बेहोशी वाला स्प्रे छिड़क दिया, जिससे उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। हद तो तब हो गई जब चोरों ने घर की रखवाली कर रहे कुत्ते को भी स्प्रे मारकर अचेत कर दिया।
शादी के गहने भी ले उड़े चोर जगत मठिया निवासी रामधीरज सिंह यादव के घर से चोरों ने उनकी बेटी निर्जला की शादी के लिए रखे गहने—पायल, मंगलसूत्र और मांगटीका—भी पार कर दिए। इसके अलावा हीरा यादव, पुलिसकर्मी मूरत प्रजापति, राधे सिंह और रविंद्र यादव के घरों में भी अलमारियां तोड़कर जमकर लूटपाट की गई।
पुलिस की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। थाना अध्यक्ष बिरनो अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर ले ली है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही इस शातिर गिरोह को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

0 Comments