Ticker

8/recent/ticker-posts

गभाना: श्री राम कथा के बाद अब हनुमान जन्मोत्सव की धूम, चूहरपुर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

गभाना (अलीगढ़): गभाना क्षेत्र में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। प्रभु श्री राम की असीम अनुकम्पा से संपन्न हुए श्री राम कथा और भव्य श्री राम नवमी महोत्सव के बाद अब क्षेत्रवासी संकटमोचन भगवान हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाने की तैयारियों में जुट गए हैं। चूहरपुर गांव में इसे लेकर श्रद्धालुओं के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है।

2 अप्रैल को होगा भव्य आयोजन: सुबह प्रभात फेरी, शाम को कटेगा केक

श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति, चूहरपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर ली गई है। आयोजकों ने बताया कि जन्मोत्सव की शुरुआत 2 अप्रैल 2026 की सुबह 6:00 बजे भव्य प्रभात फेरी के साथ होगी, जिसमें श्रद्धालु संकीर्तन करते हुए नगर भ्रमण करेंगे। वहीं, शाम 7:00 बजे केक वितरण के साथ जन्मोत्सव की खुशियां मनाई जाएंगी।

मंदिर सजावट और भजन-कीर्तन की तैयारियां तेज

कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए मंदिर की विशेष सजावट, मनमोहक भजन-कीर्तन और वृहद स्तर पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति के अध्यक्ष और पूर्व प्रधान रामबाबू शर्मा (काका प्रधान) एवं समाजसेवी सतपाल सुमन ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस बार का आयोजन पहले से भी अधिक भव्य होगा।

पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील

समिति के दायित्व सदस्य सतपाल सुमन ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में चूहरपुर पहुंचकर बजरंगबली के जन्मोत्सव में सम्मिलित हों और धर्म लाभ प्राप्त करें। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गभाना क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।


सब कुछ घर बैठे न्यूज़: धर्म और अध्यात्म से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए देखते रहें आपका अपना न्यूज़ चैनल।

Post a Comment

0 Comments