गाजीपुर (नंदगंज): उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। नंदगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित नैसारे गांव के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में महाराष्ट्र की दो महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
वाराणसी से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 46 यात्री सवार थे। ये सभी यात्री महाराष्ट्र के जालगांव और बुलढाणा जिले के निवासी थे, जो वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। सुबह करीब 11 बजे नैसारे गांव के पास चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस दो से तीन बार पलटते हुए क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय ग्रामीण बने 'देवदूत'
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया और कई लोग बस के नीचे दब गए। शोर सुनकर पास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए पलटी हुई बस को सीधा किया और अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान और घायलों का उपचार
हादसे में जान गंवाने वाली एक महिला की पहचान अन्नपूर्णा मोयकर (निवासी अकोला, महाराष्ट्र) के रूप में हुई है, जबकि दूसरी महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी 20 घायलों को तुरंत जिला अस्पताल और महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
प्रशासनिक अमला मौके पर मुस्तैद
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. ईरज राजा, एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा, एडीएम दिनेश कुमार और सीएमओ डॉ. सुनील पांडेभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, हालांकि शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना ही वजह माना जा रहा है।
0 Comments