लोधा, अलीगढ़ (07/04/2026): थाना लोधा क्षेत्र के अंतर्गत गांव करीलिया में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किसान के खेत में खड़ी फसल में अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू तो पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
खंभे से गिरी चिंगारी बनी काल
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नाथूराम के गेहूं के खेत में बिजली का खंभा खड़ा है। मंगलवार सुबह अचानक खंभे से निकली चिंगारी सूखी फसल पर जा गिरी, जिससे देखते ही देखते आग विकराल हो गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण पानी की बाल्टी और पौधों की टहनियां लेकर मौके पर दौड़ पड़े।
3 बीघा फसल हुई स्वाहा
ग्रामीणों ने चारों ओर से घेराबंदी कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण नाथूराम के 5 बीघा खेत में से लगभग 3 बीघा खड़ी फसल जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुँच गई।
अधिकारियों की कार्यवाही
हादसे के बाद विद्युत विभाग के अवर अभियंता (JE) को सूचना दी गई, जिन्होंने जांच के लिए लाइनमैन को मौके पर भेजा। वहीं, सूचना पाकर लेखपाल दीपिका वार्ष्णेय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है।
0 Comments