बहुआ/फतेहपुर (03/04/2026): जनपद के ब्लॉक बहुआ अंतर्गत ग्राम सुजानपुर में पिछले कई दिनों से व्याप्त बिजली संकट आखिरकार ग्राम प्रधान व गुलाबी गैंग (लोकतांत्रिक) की अध्यक्ष हेमलता पटेल की सक्रियता के बाद समाप्त हो गया। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण गांव के 50 परिवार और प्राथमिक विद्यालय भीषण गर्मी में अंधेरे का सामना कर रहे थे।
गलत लाइन कनेक्शन से बढ़ा विवाद
समस्या सुजानपुर गांव में घरेलू और ट्यूबवेल (कमर्शियल) लाइनों के अलग-अलग होने से जुड़ी थी। विभाग ने लगभग 50 परिवारों और सरकारी स्कूल की सप्लाई को ट्यूबवेल लाइन से जोड़ दिया था, जिसके कारण शाम होते ही बिजली काट दी जाती थी। इससे पूरी रात ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर थे और स्कूली बच्चे गर्मी से बेहाल थे।
पावर हाउस पर प्रदर्शन और विभागीय कार्रवाई
ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने गुलाबी गैंग की महिलाओं के साथ शुक्रवार को बहुआ पावर हाउस पर प्रदर्शन किया। जनता के आक्रोश को देखते हुए विभाग सक्रिय हुआ और जेई कमल कुमार तत्काल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने स्थिति का निरीक्षण कर घरेलू लाइन से कनेक्शन जुड़वाने का कार्य शुरू करवाया।
इनकी रही उपस्थिति
सफलतापूर्वक बिजली बहाल होने पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की कार्यशैली की सराहना की। प्रदर्शन के दौरान हेमलता पटेल के साथ मुख्य रूप से राजरानी, प्रिया, सुमन, रेखा, कमला, शहरून, अमिता, रंजना, नीरज, शिवा, शुभम, अजय, रमेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments