मरदह, गाजीपुर (05/04/2026): स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत जागोपुर गांव में बिजली विभाग की घोर लापरवाही एक गरीब किसान पर भारी पड़ गई। शनिवार को जर्जर विद्युत तारों में हुए शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से अवधेश यादव (पुत्र राजेश यादव) के खेत में खड़ी करीब एक मंडा फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
बल्ली के सहारे टिकी व्यवस्था, हादसों को दावत
ग्रामीणों का आरोप है कि पूरे क्षेत्र में विद्युत लाइन जर्जर तारों और लकड़ी की बल्लियों के सहारे लटकी हुई है। विभाग को बार-बार सूचित करने के बावजूद इन खतरनाक तारों को नहीं बदला गया। शनिवार को इन्हीं तारों से निकली चिंगारी सीधे सूखी फसल पर गिरी और देखते ही देखते सब कुछ जलकर राख हो गया। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक किसान की साल भर की मेहनत बर्बाद हो चुकी थी।
लेखपाल ने किया मुआयना, मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुँचकर जली हुई फसल का निरीक्षण किया और क्षति का आकलन किया। पीड़ित किसान ने प्रशासन से उचित सरकारी मुआवजे और लापरवाह बिजली विभाग पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस हादसे के बाद जागोपुर के किसानों में विद्युत निगम के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जर्जर तारों और अस्थाई बल्लियों को हटाकर स्थाई व्यवस्था नहीं की गई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
0 Comments