Ticker

8/recent/ticker-posts

लोधा: भरतपुर में प्लॉट पर दरवाजा लगाने को लेकर विवाद; महिला से मारपीट और छेड़छाड़, तीन पर मुकदमा

लोधा, अलीगढ़ (04/04/2026): थाना लोधा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव भरतपुर में प्लॉट पर दरवाजा लगाने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि यहाँ एक महिला के साथ उसके ही रिश्ते के देवरों ने मारपीट की और मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्लॉट के विवाद में परिजनों ने ही ढाया कहर

गांव भरतपुर निवासी पीड़िता पूनम पत्नी नितिन कुमार द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शुक्रवार को उसके चाचा ससुर के बेटों—विशाल, अनुज और सुम्मा—ने प्लॉट पर दरवाजा लगाने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पीड़िता और उसकी सास के साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी।

छेड़छाड़ और कुंडल गायब होने का आरोप

पीड़िता का गंभीर आरोप है कि झगड़े के दौरान आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। इस छीना-झपटी के दौरान महिला के कान के कुंडल भी कहीं गिरकर गायब हो गए। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने थाने पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई।

पुलिसिया कार्रवाई और जाँच जारी

थाना प्रभारी हेमंत मावी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...

Post a Comment

0 Comments