लोधा, अलीगढ़ (04/04/2026): थाना लोधा क्षेत्र के अंतर्गत गोंडा रोड पर शनिवार शाम ग्राम भगत नगला के पास एक सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात वाहन की हल्की टक्कर के कारण दो मोटरसाइकिलें अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया।
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कस्बा गोंडा निवासी धर्मेंद्र पुत्र राकेश और उनके मौसी का बेटा दिनेश (निवासी चिंता की नगरिया) एक बाइक पर सवार होकर शहर से गोंडा की तरफ जा रहे थे। उनके आगे-पीछे ग्राम भेंमती निवासी दूधिया अश्वनी अपनी बाइक से चल रहा था। तभी भगत नगला गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक में हल्की टक्कर मार दी, जिससे धर्मेंद्र और अश्वनी की बाइकें अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गईं।
पुलिस की सक्रियता और राहत कार्य
हादसे के बाद सड़क पर मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और यूपी-112 को सूचना दी। सूचना पर पहुँची पीआरवी 8705 के पुलिसकर्मी शैलेंद्र सिंह, योगेश कुमार और अजय कुमार ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायल धर्मेंद्र को जिला अस्पताल पहुँचाया, जबकि गंभीर रूप से घायल दिनेश को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, घायल अश्वनी को उनके परिजन उपचार के लिए अपने साथ ले गए।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...
.jpeg)
0 Comments