Ticker

8/recent/ticker-posts

मालेगांव में श्रीराम नवमी की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से संपन्न, विविध आकर्षण बने केंद्रबिंदु


मालेगांव : चैत्र शुक्ल 9, दिनांक 26 मार्च को श्रीराम नवमी के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य शोभायात्रा, पारंपरिक यात्रा तथा महाप्रसाद (भंडारा) का कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। सायं 5.00 बजे श्रीराम मंदिर, मारवाड़ी गली, मालेगांव कैंप से शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल हुए।
यह शोभायात्रा श्रीराम मंदिर, मारवाड़ी गली से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई रामसेतु पुल, संगमेश्वर स्थित श्रीराम मंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा जय श्रीराम के नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा में पारंपरिक ढोल, डफ, ताशा, टिमकी, हलकड़ी, सांबळ, सुर और झांझ की गूंज के साथ धर्मध्वज लहराते हुए पारंपरिक वाद्य पथकों ने विशेष आकर्षण उत्पन्न किया। इसके साथ ही DJ Swaraj का लाइट शो, स्मोकर और पेपर ब्लास्ट ने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया, जिससे युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसके अलावा मानूर व कलवण से आए आदिवासी टिपरी व डांगी नृत्य पथक, सावित्रीबाई फुले महिला मर्दानी खेल पथक, बाल वारकरी भजनी मंडल दिंडी पथक तथा स्वामिनी महिला लेझीम पथक के आकर्षक प्रदर्शन ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। गाय-वासरू की सजावट, रामसेतु पुल निर्माण का जीवंत दृश्य तथा आतिशबाजी के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीरामचंद्र की 18 फीट ऊंची आकर्षक प्रतिमा शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित रामभक्तों के लिए महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया गया। श्रीराम नवमी उत्सव समिति, मालेगांव द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम अनुशासित और शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे श्रद्धालुओं में हर्ष और संतोष का वातावरण देखने को मिला।

संवाददाता अनिकेत मशिदकर, मालेगांव 

Post a Comment

0 Comments