Ticker

8/recent/ticker-posts

गाजीपुर: मनचले की आई शामत, जयरामपुर चौराहे पर महिलाओं से अश्लील हरकत करते युवक को बिरनो पुलिस ने दबोचा

बिरनो/गाजीपुर: जनपद के बिरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत जयरामपुर चौराहे के पास महिलाओं की सुरक्षा को ताक पर रखकर अश्लील हरकतें करने वाले एक मनचले को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक बद्धोपुर मंदिर के निकट सरेराह महिलाओं पर फब्तियां कस रहा था, जिसे पुलिस की सतर्कता ने सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक प्रभात कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मंदिर के पास महिलाओं को देखकर अश्लील इशारे कर रहा है और भद्दे गाने गाकर माहौल खराब कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और कुछ देर छिपकर युवक की हरकतों की निगरानी की। जैसे ही पुलिस ने आरोपों की पुष्टि की, घेराबंदी कर युवक को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान विकास कुमार (19 वर्ष), निवासी बिरनो के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शाम करीब 6:30 बजे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी शर्मनाक हरकत स्वीकार करते हुए माफी की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने उसे कोई रियायत नहीं दी।

बिरनो थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र की महिलाओं और ग्रामीणों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है।

Post a Comment

0 Comments