Ticker

8/recent/ticker-posts

अलीगढ़: खेरेश्वर चौराहे पर मिली लावारिस किशोरी; अनजान युवक पिता से मिलवाने के बहाने मोपेड से छोड़ गया, पुलिस ने संभाला मोर्चा

लोधा, अलीगढ़ (05/04/2026): थाना लोधा क्षेत्र के अंतर्गत खेरेश्वर चौराहे पर रविवार शाम एक 12 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में घूमती पाई गई। किशोरी काफी डरी-सहमी थी और बस चालकों से कभी सासनी तो कभी मथुरा छोड़ने की गुहार लगा रही थी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए सजग बस चालकों ने किशोरी को तत्काल ट्रैफिक पुलिस के हवाले कर दिया।

पिता से मिलवाने का झांसा देकर छोड़ गया अनजान युवक

पूछताछ के दौरान किशोरी ने अपना नाम सोनिया माहोर (12 वर्ष) बताया। उसने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि एक अनजान युवक उसे उसके पिता से मिलवाने के बहाने मोपेड पर बैठाकर यहाँ तक लाया और बीच रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गया। किशोरी अपने पिता का नाम पप्पू बता रही है, जो उड़ीसा में मजदूरी करते हैं, लेकिन वह अपनी माँ का नाम या घर का सटीक पता बताने में असमर्थ है। वह बार-बार अपना घर मथुरा में होना बता रही है।

पुलिस की गिरफ्त में सुरक्षित है किशोरी

ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कंट्रोल रूम को इस मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और किशोरी को अपनी सुरक्षा में ले लिया है। पुलिस अब किशोरी के बताए गए पते के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है ताकि उसे सुरक्षित घर पहुँचाया जा सके।

जनता से अपील

यदि कोई इस किशोरी या इसके परिजनों के बारे में जानकारी रखता हो, तो कृपया तत्काल नजदीकी थाना पुलिस को सूचित करें ताकि बच्ची को उसके परिवार से मिलाया जा सके।


सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो...

Post a Comment

0 Comments