गाजीपुर (04/04/2026): जमानियां कोतवाली क्षेत्र के हमीद सेतु पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सब्जी लदी पिकअप से टकराने के बाद रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा। हादसे में ट्रेलर चालक और खलासी के नदी में बह जाने की आशंका जताई जा रही है।
आमने-सामने की भिड़ंत और मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर गाजीपुर से बिहार की ओर जा रहा था, जबकि पिकअप रेवतीपुर से सब्जी लेकर गाजीपुर मंडी आ रही थी। ओवरब्रिज पर ट्रेलर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप सड़क पर ही पलट गई और ट्रेलर रेलिंग तोड़कर नीचे नदी में समा गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने घायल पिकअप चालक और खलासी को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, नदी में गिरे ट्रेलर और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों और नाव की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुल की सुरक्षा पर उठे सवाल
गौरतलब है कि इसी हमीद सेतु पर बीती 20 मार्च को भी एक ट्रैक्टर रेलिंग तोड़कर नदी में गिरा था, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है और पुल की जर्जर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
सब कुछ घर बैठे न्यूज़ खबर वही जो सच हो... संवाददाता: मुकेश राजभर (गाज़ीपुर)
1 Comments
Good
ReplyDelete